October 25, 2024

Visitor Place of India

Tourist Places Of India, Religious Places, Astrology, Historical Places, Indian Festivals And Culture News In Hindi

Punjab news: विजिलेंस ब्यूरो ने पंजाब के पूर्व मंत्री भारत भूषण आशु को किया गिरफ्तार !

Punjab news: विजिलेंस ब्यूरो ने पंजाब के पूर्व मंत्री भारत भूषण आशु को किया गिरफ्तार

Punjab news: पंजाब विजीलैंस ब्यूरो की टीम ने पूर्व खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री भारत भूषण आशु को टेंडर आवंटन घोटाले में अनियमितता के आरोप में लुधियाना से गिरफ्तार किया है। वह पिछली कांग्रेस सरकार के दूसरे मंत्री हैं जिन्हें आप सरकार ने भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार किया है।

मंत्री को आज सुबह मोहाली में विजिलेंस ब्यूरो के कार्यालय के बाहर कांग्रेस पार्टी के सहयोगियों के साथ धरना देने के कुछ ही घंटों बाद उठा लिया गया।

मोहाली में आशु ने कहा कि अगर उन्हें गिरफ्तार करना है तो कर लिया जाए। उनका किसी घोटाले से कोई लेना देना नहीं है और उन्हें बेवजह फंसाया जा रहा है। ध्यान रहे कि आशु टेंडरों में हुए घोटाले के आरोप में विजिलेंस के राडार पर थे। विजिलेंस इस मामले में आशु की भूमिका बता रही है। पिछले कई दिनों से आशु को गिरफ्तार किए जाने की बात भी सामने आ रही थी।

दोपहर में मोहाली विजिलेंस मुख्यालय के बाहर पहुंचे आशु ने कहा कि विजिलेंस ब्यूरो को जब उनकी जरूरत हो मैसेज भेज दें आ जाऊंगा। विजिलेंस मुख्यालय के बाहर कांग्रेस के पूर्व मंत्री, पूर्व और मौजूदा विधायक और कांग्रेसी नेता प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग के नेतृत्व में विजिलेंस को चुनौती देने के लिए पहुंचे थे।

वडिंग ने कहा कि उनका मकसद विजिलेंस अधिकारियों के काम में दखलअंदाजी करना या फिर नारेबाजी करना नहीं है। आशु ने कहा कि कांग्रेस का कोई नेता भाग नहीं रहा है। पिछले पांच माह में आप की ओर से कांग्रेस के नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है, लेकिन कुछ नहीं मिला है।

आशु ने कहा कि कांग्रेस का हर वर्कर जुझारू है। स्वतंत्रता में कांग्रेस के वर्करों की कुर्बानी है। आजादी के बाद भी कांग्रेस लोगों की लड़ाई लड़ रही है। हम डरने वाले नहीं है। जब जरूरत हो बुला लिया जाए हाजिर हो जाएंगे।प्रदेश अध्यक्ष वडिंग ने कहा कि कांग्रेस का हर नेता हाजिर है। जिसको भी विजिलेंस की ओर से गिरफ्तार किया जाना है कर ले।

उन्होंने कहा कि रोज- रोज किसी न किसी का नाम लेकर उस पर कार्रवाई करने की धमकी देकर परेशान न करो। वडिंग ने कहा कि रोज विजिलेंस का नाम लेकर सरकार कांग्रेस को डराने की कोशिश कर रही है। घर में सोए कांग्रेसियों को पकड़ा जा रहा है। खुद डायरी तैयार करवा कर, कहा जा रहा है कि हमने पकड़ी है। एजेंसियां कांग्रेसी नेताओं को परेशान कर रही हैं। कांग्रेस के नेता कोई चोर नहीं है , समन जारी करो और बुला लो।

वडिंग ने कहा कि अगर कोई आप का नेता पकड़ा जाता है तो कहा जाता है कि वह कट्टर ईमानदार है। अपना ही मंत्री पकड़ने की नौटंकी की जा रही है, लेकिन मामले में मिला क्या। एडवोकेट जनरल ने खुद कहा कि आप के नेता व पूर्व मंत्री विजय सिंगला से कुछ नहीं मिला।

वडिंग ने सवाल उठाए कि अगर सिंगला भ्रष्ट है तो आप की बैठकों में क्या कर रहे है।विजिलेंस के रडार पर कांग्रेस के कई नेताध्यान रहे कि विजिलेंस के रडार पर कांग्रेस के कई नेता है। आशु के खिलाफ भी केस दर्ज हो चुका है। पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा गैंगस्टर मुख्तार अंसारी को वीआईपी ट्रीटमेंट देने में घिरे हुए हैं।